बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल, रामगढ़ में निकली रैली

 


रामगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल के तहत रामगढ़ जिले के बैंक कर्मचारी और अधिकारी भी आंदोलन में शामिल हुए। विभिन्न मांगों के समर्थन में बैंक कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन के साथ शहर में शांतिपूर्ण रैली निकालकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। रैली बिजुलिया से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए थाना चौक तक पहुंची। इस दौरान बैंक कर्मचारी एवं अधिकारियों ने हफ्ते में 05 दिन बैंकिंग लागू करो, फेयर पीएलआई सुनिश्चित करो सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में नारे लगाए। रैली के दौरान शहर के कई बैंक शाखाओं में पहुंचकर कर्मचारियों ने बंद कराया और हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।

यूएफबीयू के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, फेयर पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगों को लेकर आवाज बुलंद की गई।

रैली में कई बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए। आंदोलन के दौरान बैंक कर्मियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और उन्हें लेकर संगठन लगातार लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहा है। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन को मजबूती से जारी रखने की बात कही।

इस दौरान यूनियन के रामगढ़ जिला संयोजक एकलव्य, मदन सिंह, संदीप कुमार, कुलदीप कुमार, विक्की कुमार, सुनील नायक, अजय सहित कई बैंक कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश