बीआईटी मेसरा में फिटनेस और खेल भावना के साथ मना राष्ट्रीय खेल दिवस
रांची, 29 अगस्त (हि.स.)।
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा की 3 सीटीसी एनसीसी इकाई की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस बेहद उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में फिटनेस, अनुशासन, टीमवर्क और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान खेलेगा इंडिया, खिलेगा इंडिया का संदेश भी दिया गया।
समारोह में टग ऑफ वॉर, वॉलीवॉल, पागल जिमखाना और स्लो साइकिल सहित विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्रों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इससे परिसर में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, उत्साह और सौहार्द का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में बीआईटी मेसरा के एसोसिएट डीन, स्टूडेंट अफेयर्स डॉ डीके उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थेे। लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम विशाल ने छात्रों को खेल और शारीरिक गतिविधियों में नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फिटनेस को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के साथ अनुशासन, दृढ़ता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर जोर दिया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में समन्वय, संतुलन, रणनीतिक सोच, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ सुमित श्रीवास्तव, केयरटेकर ऑफिसर, 3 सीटीसी एनसीसी के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर बडी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar