सीएस ने कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर अभियान का शुभारंभ
रांची, 15 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर संत अन्ना स्कूल, रांची में सोमवार को बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन (सीएस) डॉ प्रभात कुमार ने किया। अभियान के तहत रांची जिले में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के 4,84,435 बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर और शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। एल्बेंडाजोल दवा कृमि संक्रमण की रोकथाम और उपचार में प्रभावी है और बच्चों के समुचित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों और सेविकाओं की निगरानी में दवा दी जा रही है। सिविल सर्जन ने बच्चों को नशे से दूर रहने, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण के प्रति भी जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश अभियान के दिन दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 18 जून को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।
कार्यक्रम में डीआरसीएचओ डॉ असीम कुमार मांझी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रीति चौधरी, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सेलिन बाड़ा, शिक्षक सहित बडी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar