मंत्रों का सरताज है णमोकार महामंत्र, जाप मात्र से मिलती है शांति : राजेंद्र

 




रामगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। श्री दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में गुरुवार को शहर के मेन रोड स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर और रांची रोड स्थित पार्श्वनाथ जिनालय में विश्व नवकार दिवस अखंड णमोकार महामंत्र के जाप का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पार्श्वनाथ जिनालय में बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु उपस्थित होकर सामूहिक रूप से स्वरबद्ध होकर णमोकार महामंत्र का जाप किया। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए जैन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र जैन ने बताया कि णमोकार महामंत्र 84 लाख मंत्रों का सरताज है और इसके जाप मात्र से ही मन में शांति, स्फूर्ति और नवचेतना का संचार होता है। ऐसे शांति प्रदाता इस मंत्र का जाप आज पूरे विश्व में एक साथ किया जा रहा है। तृतीय विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी हमारी पृथ्वी को आज शांति एवं परस्पर सौहार्द की सबसे अधिक आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम इसी जनकल्याण की भावना से प्रेरित होकर आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर समाज के सदस्यों में उत्साह दिखा। जन कल्याण एवं सृष्टि में शांति के लिए इस जाप के माध्यम से वीर प्रभु से प्रार्थना कर मंगलकामना की जा रही है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जीवन जैन, सौरभ अजमेरा, अशोक जैन, अरविन्द सेठी, सुशील चुड़ीवाला, जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन, शांतिलाल सेठी, अरुणा जैन, गिनयां देवी सेठी, उषा अजमेरा, नीलम अजमेरा, प्रिया पाटनी, मीना पाटनी सहित अन्य ने सराहनीय योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश