विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर चला फल्गु उद्गम स्थल पर जागरूकता अभियान

 


चतरा, 28 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर 'नमामि गंगे' कार्यक्रम के तहत जिला गंगा समिति के सहयोग से सिमरिया स्थित निरंजना (फल्गु) नदी के उद्गम स्थल पर जन-जागरूकता और जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बीडीओ चंद्रदेव की उपस्थिति में फल्गु उद्गम स्थल पर पौधारोपण किया गया और उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर पर्यावरण और गंगा संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों को विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस की शपथ दिलाई गई। सभी ने जल, जंगल, भूमि, वायु और अन्य प्राकृतिक संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने, प्लास्टिक प्रदूषण कम करने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही परिवार, विद्यालय, कार्यस्थल और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का भी प्रण लिया गया।

बीडीओ चंद्रदेव ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानवता की सुरक्षा का आधार है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस मौके पर जिप सदस्य देवनंदन साहू, प्रमुख रोहन साहू, मुखिया नरेश साहू सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी