मूर्तिकला में नैतिक ने झारखंड में पाया प्रथम स्थान

 


रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है। कक्षा 10 वीं के छात्र नैतिक कुमार ने लोहरदगा में आयोजित मूर्तिकला प्रतियोगिता में पूरे झारखंड से चयनित प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान हासिल किया।

नैतिक कुमार अब झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार के गया में आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कला शिक्षक विकास कुमार कुशवाहा ने बताया कि नैतिक ने निरंतर अभ्यास, लगन और रचनात्मक सोच के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि कला विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है।

संस्कृति महोत्सव के अंतर्गत आयोजित संस्कृति बोध प्रश्न मंच प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों मोहन पोद्दार, कबीर राज और उज्जवल कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ये विद्यार्थी भी गया में होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय के वंदना सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल और प्रधानाचार्य श्रीप्रवीण ने सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश