मशरूम उत्पादन से किसानों की बढ़ेगी आमदनी, 80 किसानों को मिलेंगे उत्पादन बैग

 


रामगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को गोला प्रखंड के ऊपरबरगा पंचायत अंतर्गत नेमरा गांव स्थित धुमकुड़िया भवन में चल रहे मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण का डीसी ऋतुराज ने एसपी मुकेश कुमार लुनायत के साथ निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे किसानों से बातचीत की और मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया, प्रशिक्षण से मिल रही जानकारी और स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और किसानों को दी जा रही व्यावहारिक जानकारी का भी जायजा लिया।

किसानों को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि मशरूम उत्पादन कम जगह और कम संसाधनों में बेहतर आय अर्जित करने का अच्छा माध्यम है। किसान पारंपरिक खेती के साथ मशरूम उत्पादन अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। इसके लिए प्रशिक्षण में बताई जा रही तकनीकों को समझकर गांव और घरों में इस्तेमाल करना जरूरी है।

डीसी ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। किसान प्रशिक्षण का लाभ उठाकर मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का अतिरिक्त साधन बनाएं और दूसरे ग्रामीणों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उल्लेखनीय है कि नेमरा गांव में कुल 80 किसानों को पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुक्रवार को प्रशिक्षण का समापन होगा। इसके बाद सभी 80 प्रशिक्षणार्थियों को 30-30 किलोग्राम क्षमता वाले मशरूम उत्पादन बैग उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों के आधार पर उत्पादन शुरू कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश