मुर्रामकला डंपिंग यार्ड 30 दिन में होगा साफ, डीसी ने लिया जायजा
रामगढ़, 03 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ के मुर्रामकला स्थित डंपिंग यार्ड में वर्षों से जमा पुराने कचरे के निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को डीसी ऋतुराज ने मुर्रामकला डंपिंग यार्ड का निरीक्षण कर सफाई एवं कचरा निस्तारण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों से कचरे के उठाव, परिवहन और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने 30 दिनों के भीतर डंपिंग यार्ड में जमा पुराने कचरे की सफाई पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा।
डीसी ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नियमित कचरा संग्रहण के साथ वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी जरूरी है। उन्होंने कचरा संग्रहण से लेकर उसके परिवहन और निस्तारण तक पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में 01 सितंबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा दोबारा शुरू हो चुकी है। डीसी ने शहरवासियों से सड़क, नाली या खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने लोगों से कचरा संग्रहण वाहन को ही कचरा देने तथा गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने का आग्रह किया।
डीसी ने कहा कि स्वच्छ रामगढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
मौके पर छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश