युवती की हत्या का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार

 




बोकारो, 12 अप्रैल (हि.स.)। बोकारो जिले के पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय कुमारी पुष्पा महतो के अपहरण के बाद हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा

करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

मामला 24 जुलाई 2025 को सामने आया, जब खुटाडीह निवासी रेखा देवी ने अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 4 अगस्त को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि पुष्पा महतो का गांव के ही युवक दिनेश कुमार महतो से पिछले तीन वर्षों से संपर्क था। पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।

21 जुलाई 2025 को जब पुष्पा चास कॉलेज में नामांकन के लिए गई थी, तभी दिनेश वहां पहले से मौजूद था। उसने बातचीत के बहाने उसे कॉलेज के पीछे सुनसान झाड़ियों में ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और शव को छुपाकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपित को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपित टूट गया और उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने गत शनिवार को घटनास्थल से मृतका के कपड़े, बाल, हड्डियों के अवशेष और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार