हत्या का खुलासा, दो गिरफ्तार
रांची, 10 नवंबर (हि.स.)। धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो गांव में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान धुर्वा सेक्टर-9 निवासी बिट्टू सिंह के रूप में हुई थी। इस मामले में मृतक के पिता ने धुर्वा थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने एसआईटी गठित कर हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। इसके बाद हटिया डीएसपी नीरज कुमार और धुर्वा थाना प्रभारी की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डंप के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई कार और लकड़ी का बेंत बरामद किया है।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि बिट्टू सिंह के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी विवाद में बिट्टू सिंह की हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे