हत्या का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार
रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। रांची जिला के राहे थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का रांची पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या के मुख्य आरोपित सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, एक बाइक, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने गुरुवार को बताया कि 4 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि राहे थाना क्षेत्र के ग्राम पारमडीह ढुंगरीटोला स्थित एक सुनसान स्थान पर अज्ञात व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सूचना के आधार पर राहे थाना में (कांड संख्या 18/26) के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान रांची के सिल्ली थाना क्षेत्र के गोढ़ा गांव निवासी कंचन महतो के रूप में हुई। तकनीकी शाखा के आधार पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रमन दास उर्फ रामदूत, फागु तेली और षष्टी कुमार दास को गिरफ्तार करते हुए मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे पैसों की तंगी के कारण लूट की योजना बना रहे थे और घटना के समय नशे की हालत में थे। इसी दौरान कंचन के साथ उनकी बहस और गाली-गलौज हो गई।
विवाद बढ़ने पर रमन दास ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरसा से हमला कर कंचन महतो की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फरसा, बाइक, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है।
एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार,सोनाहातु थाना प्रभारी
प्रेम प्रदीप, दशमफॉल थाना प्रभारी
कुन्दन कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे