नगर निगम कर्मियों ने दी हड़ताल की चेतावनी, छह को महाजुटान

 


रांची, 04 सितंबर (हि.स.)।

रांची नगर निगम के दैनिक मजदूरों और कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह सीटू झारखंड राज्य कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भवन सिंह ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि छह सितंबर को सेक्टर-2 स्थित राजेंद्र भवन मैदान में मजदूरों का महाजुटान होगा। इसमें सभी की सहमति से हड़ताल की तिथि घोषित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 10 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत दैनिक मजदूरों और एमटीएस कर्मियों के स्थायीकरण के लिए 2024 में नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला। यूनियन ने दिसंबर 2013 की बकाया मजदूरी सहित अन्य मांगों के तत्काल भुगतान की मांग की है। आंदोलन का नारा 13 हजार में दम नहीं, 18 हजार से कम नहीं रखा गया है।

भवन सिंह ने बताया कि छह सितंबर को निगम का लगातार घेराव किया जाएगा। मजदूरों की मांगों पर निगम प्रशासक की ओर से निर्णय लिए जाने तक हड़ताल और घेराव जारी रखने की बात कही गई है। इससे पहले डोरंडा स्थित श्रम भवन का भी घेराव और प्रदर्शन करने तथा गेट पर तालाबंदी की चेतावनी दी गई है।

मजदूर नेताओं का आरोप है कि सरकार की घोषित न्यूनतम मजदूरी, बोनस, अवकाश और बढ़े महंगाई भत्ते का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। महिला कर्मियों को प्रसूति अवधि में काम से हटाने का भी आरोप लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar