दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने पूजा समितियों के साथ की बैठक, बिजली-पानी से लेकर पार्किंग व सफाई पर चर्चा
रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर सोमवार को नगर निगम सभागार में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में पूजा समितियों ने पंडालों के आसपास बिजली के तार और पोल दुरुस्त करने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, साफ-सफाई, महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था से संबंधित मुद्दे रखे। मौसम को देखते हुए छोटी-बड़ी नालियों की सफाई और जलजमाव की समस्या के समाधान पर भी चर्चा हुई।
पूजा समितियों ने पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र स्थापित करने तथा 24 घंटे आपातकालीन व्यवस्था जारी रखने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि करमा पर्व के साथ ही त्योहारों का मौसम शुरू हो गया है। दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों के साथ बैठक की गई है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जनता की सुविधा और हित को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य किए जाएंगे।
बैठक में शहर की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे