नगर निगम ने नामकुम और डोरंडा इलाके में हटाया अतिक्रमण
रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की सख्त कार्रवाई
रांची नगर निगम क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में निगम की इंफोर्समेंट टीम की ओर से गुरुवार को दुर्गा सोरेन चौक से नामकुम स्टेशन और डोरंडा से हिनू चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दुर्गा सोरेन चौक से नामकुम स्टेशन तक एक ठेला, दो काउंटर और बांस-बल्ली जब्त किया गया। साथ ही मुख्य मार्ग के दोनों ओर बांस-बल्ली और प्लास्टिक से बनाए गए अवैध अस्थायी ढांचों को ध्वस्त किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।
इसके अलावा डोरंडा से हिनू चौक तक भी सड़क को अतिक्रमण मुक्त करते हुए दो ठेला और एक गुमटी को जब्त किया गया।
साथ ही मार्ग में बाधा उत्पन्न करने वाले अन्य अवैध संरचनाओं को भी हटाया गया।
अतिक्रमण को रांची निगम की ओर से संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak