मुक्ति संस्था ने 51 अज्ञात शवों का विधि-विधान से किया अंतिम संस्कार
-जुमार नदी के तट पर दी गई अंतिम विदाई, अब तक 2,322 अज्ञात शवों का हो चुका है अंतिम संस्कार
रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। मुक्ति संस्था की ओर से रविवार को जुमार नदी के तट पर 51 अज्ञात शवों का पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। संस्था के सदस्यों ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के शवगृह से अज्ञात शवों को निकालकर विधिवत पैक किया और अंतिम संस्कार के लिए जुमार नदी के तट पर ले गए। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने शवों को मुखाग्नि दी।
संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने बताया कि मुक्ति संस्था लंबे समय से लावारिस और अज्ञात शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार का कार्य कर रही है। संस्था की ओर से अब तक कुल 2,322 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य ऐसे लोगों को भी सम्मानजनक विदाई देना है, जिनकी पहचान नहीं हो पाती और जिनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं होता।
इस अवसर पर अंतिम अरदास परमजीत सिंह टिंकू ने की। अंतिम संस्कार के दौरान संस्था के अनीश बुधिया, रवि अग्रवाल, हरीश नागपाल, आरके गांधी, आदित्य शर्मा, संदीप कुमार, आशीष भाटिया, संतोष अग्रवाल, वीरेंद्र गुप्ता, कमल चौधरी, सुदर्शन अग्रवाल, विजय धानुका, पवन साहू, अविनाश मिश्रा, संजू कुमार, विनय लाल गुप्ता, उज्ज्वल जैन, अरुण कूटरियार और सुनील अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे