चेंबर चुनाव में 35 सदस्यों के साथ मैदान में उतरी टीम मुकेश अग्रवाल, मांगा व्यापारियों का समर्थन
रांची, 28 अगस्त (हि.स.)। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के आगामी चुनाव को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चुनावी तैयारियों और प्राथमिकताओं की जानकारी दी। टीम की ओर से 35 सदस्यों के चुनाव लड़ने की तैयारी में है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मुकेश अग्रवाल ने व्यवसायियों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि चेंबर व्यापारियों के हितों की आवाज को मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण मंच है।
उनकी प्राथमिकता व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समाधान कराना, बाजार से जुड़ी परेशानियों को संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना तथा राज्य में व्यवसाय के लिए बेहतर माहौल तैयार करना होगी। उन्होंने कहा कि टीम पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है और व्यवसायियों के सहयोग से चेंबर को और मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा। आदित्य मल्होत्रा के अधूरे काम को टीम मुकेश अग्रवाल पूरा करेगी। उनकी टीम के अधिकतर सदस्य हमारे टीम के साथ है।
टीम के सदस्य डॉ अभिषेक रामाधीन ने कहा कि व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चेंबर को मजबूत बनाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम लगातार व्यवसायियों से संपर्क कर समर्थन जुटा रही है।
चेंबर के वर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि व्यापार जगत इस समय कई चुनौतियों से गुजर रहा है। ऐसे में चेंबर की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्रवाल सरकार के समक्ष व्यवसाय वर्ग की समस्याओं को प्रभावी तरीके से रखने में सक्षम है और उनके नेतृत्व का समर्थन किया।
पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि मुकेश अग्रवाल की टीम चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। व्यापारियों एवं उद्योगों के प्रति हम अपनी जिम्मेवारी को समझते हुए इस चुनाव में मजबूती से खड़े है।
वहीं चेंबर के पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि झारखंड के व्यापारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चेंबर को राज्य और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान कराना चाहिए। उन्होंने टीम मुकेश अग्रवाल को विजयी बनाने की अपील की।
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मलेन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि चेंबर को आगे बढ़ाने में टीम मुकेश अग्रवाल बेहतर साबित होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवीण लोहिया, पंकज पोद्दार, छवि विरमानी, भानु जालान, अमित अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak