मुड़मा जतरा की तैयारियां अंतिम चरण में, 27 से लगेगा मेला

 


रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। ऐतिहासिक 40 पड़हा मुड़मा जतरा मेला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 की रात से मेला लगाने के साथ ही मेले की रौनक बढ़ने लगेगी, जबकि बुधवार को दिनभर श्रद्धालुओं और लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

मेले को लेकर परिसर में दुकानों, खानपान के स्टॉल और मनोरंजन के साधनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मिठाइयों की आकर्षक दुकानें सजाई जा रही हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के सामानों की दुकानें भी लगाई गई हैं। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए झूले लगाए गए हैं। दुकानदार अपने-अपने स्टॉल व्यवस्थित करने और बिक्री की तैयारियों में जुटे हैं। आयोजक धर्मगुरू बंधन तिग्गाठ सहित अन्य आयोजकों और दुकानदारों ने उम्मीद जताते हुए कहा है कि मंगलवार रात तक मेले की अधिकांश तैयारियां पूरी हो जाएंगी। मुड़मा जतरा मेला क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।

मेले के शुरू होने से पहले ही परिसर में तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है, वहीं मेले में आने वाले लोगों को खरीदारी, खानपान और मनोरंजन के विविध विकल्प मिलेंगे। मंगलवार रात से शुरू होने वाले इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar