सांसद निशिकांत दुबे ने किया जसीडीह बाईपास रेल लाइन का उद्घाटन
देवघर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व रेलवे ने क्षेत्रीय रेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार को देवघर स्टेशन पर आयोजित समारोह में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने 293.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जसीडीह बाईपास रेल लाइन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
उद्घाटन के अवसर पर सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय और वरिष्ठ रेल अधिकारियों की मौजूदगी में नवनिर्मित बाईपास रेल लाइन से देवघर से मधुपुर तक विशेष ट्रेन का परिचालन भी किया गया। इस परियोजना को झारखंड में बेहतर रेल संपर्क और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जसीडीह बाईपास रेल लाइन के चालू होने से ट्रेनों को जसीडीह मुख्य स्टेशन पर प्रवेश कर इंजन की दिशा बदलने की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे ट्रेन परिचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और रेल सेवाओं की गति और दक्षता में सुधार होगा। नई रेल लाइन कुमड़ाबाद रोहिणी और देवघर को सीधे जोड़ती है और जसीडीह स्टेशन को बाईपास करते हुए ट्रेनों के आवागमन को सुगम बनाती है।
परियोजना के निर्माण में चट्टानों की कटाई, रोड ओवरब्रिज, रोड अंडरब्रिज, छोटे पुलों और आधुनिक डिजिटल सिग्नलिंग प्रणाली जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। जटिल भू-तकनीकी कार्यों को पूरा कर तैयार की गई यह रेल लाइन रेलवे नेटवर्क के लिए एक्सप्रेस फ्लाईओवर की तरह काम करेगी।
इस बाईपास रेल लाइन से दुमका और गोड्डा की ओर से आने-जाने वाली यात्री और मालगाड़ियों को जसीडीह स्टेशन पर परिचालन संबंधी बाधाओं और अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, प्रतिदिन कम से कम पांच प्रमुख यात्री ट्रेनों के यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है। वहीं, कम से कम दो महत्वपूर्ण मालगाड़ियों को प्रतिदिन इस मार्ग का लाभ मिल सकेगा।
इससे प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ कम करने, रेल परिचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने और क्षेत्रीय औद्योगिक आपूर्ति शृंखला को मजबूती देने में मदद मिलेगी। साथ ही, व्यापारिक गतिविधियों और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही को भी गति मिलने की संभावना है।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए पूर्व रेलवे की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से रेल परिचालन की दक्षता बढ़ेगी और क्षेत्र में निर्बाध रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने रेलवे के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के अनुरूप पूर्व रेलवे प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की परियोजनाओं से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए पूर्व रेलवे की ओर से स्थानीय विद्यालयों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को उद्घाटन समारोह स्थल पर पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके करियर संबंधी सपनों, भारत के भविष्य और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने परियोजना की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व रेलवे आधुनिक रेल संपर्क व्यवस्था के विस्तार और यात्रियों को बेहतर गति, सुरक्षा तथा परिचालन सुविधाएं उपलब्ध कराने
के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy