महुआ माजी के प्रयास से युवक के शव लाने के प्रयास में आई तेजी
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)।
राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी के प्रयास से वियतनाम में बाइक की दुर्घटना में जान गवाने वाले रांची के कैलाश नगर, चुना भट्ठा निवासी राजा कुमार वर्मा के शव को लाने की प्रक्रिया तेज हुई। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता नंद किशोर सिंह चंदेल ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों और वार्ड 27 की पार्षद बबली सोनी ने राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी से टेलीफोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी।
इसके बाद सांसद डॉ महुआ माजी ने तत्काल रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित संबंधित पदाधिकारियों से फोन पर वार्ता कर
शव को रांची स्थित उनके आवास तक लाने की आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
इसके बाद मृतक की मां रूपा वर्मा, भाई शुभम वर्मा, भाभी दीपमाला वर्मा, झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह झामुमो युवा नेता विक्रम सिंह सोनू, वार्ड 27 की पार्षद बबली सोनी सहित अन्य सांसद के आवास पहुंचे।
इस दौरान पार्षद बबली सोनी ने सांसद को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सांसद ने संबंधित पदाधिकारी से फोन पर बात की और मृतक की मां से भी उनकी वार्ता कराई। उन्होंने आश्वासन दिया कि शव को जल्द से जल्द रांची लाने के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। महुआ माजी ने मृतक के परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़ी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar