सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने थाना चौक छठ घाट पूजा पंडाल का किया उद्घाटन

 






-घाट पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा, व्रतियों को दीं शुभकामनाएं

रामगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रामगढ़ शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में रविवार को रामगढ़ थाना चौक स्थित छठ घाट पूजा पंडाल का उद्घाटन गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने किया।

इस दौरान सांसद ने छठ घाट पहुंचकर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाट की आकर्षक सजावट का अवलोकन किया और भगवान भास्कर की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने इस मौके पर कहा कि थाना चौक छठ घाट की सजावट बेहद आकर्षक ढंग से की गई है। वह प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर यहां पहुंचते हैं। उन्होंने कामना की कि छठी मइया की कृपा रामगढ़ के सभी निवासियों पर बनी रहे और सभी को छठ व्रतियों का आशीर्वाद मिलता रहे। उन्होंने जिलावासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

सांसद ने कहा कि छठ घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और छठ पूजा समिति ने घाट के निर्माण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरती है। नदियों में नाव और जेट-स्की के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

थाना चौक छठ घाट के उद्घाटन के बाद सांसद ने झंडा चौक स्थित पूजा पंडाल के साथ चट्टी बाजार के विभिन्न पूजा पंडालों का भी उद्घाटन किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश