सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला का समापन

 






रांची, 03 मई (हि.स.)। रांची के आड्रे हाउस में तीन दिवसीय सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला का समापन रविवार को हो गया। मौके पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर मेघवाल ने कहा कि एक मई को बुद्ध पूर्णिमा के दिन महोत्सव प्रारंभ हुआ। आज हम समापन उत्सव मना रहे हैं। लेकिन कल भी हम उत्सव मनाएंगे और कल का दिन उत्सव का दिन रहेगा। उन्होंने सफल आयोजन के लिए रक्षा राज्य मंत्री सहित सभी लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों के संग लोगों के लिए प्रेरणा का स्तंभ बनेगा। मुख्य अतिथि मेघवाल ने स्वदेशी मेले में लगे स्टॉल का भ्रमण किया।

हम सभी कोशिश करें की मोटे अनाज का सेवन करें : बाबूलाल

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला के आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सचमुच में बहुत ही अच्छा है आने वाले समय में एक उदाहरण कायम करेगा।

इस आयोजन के जरिये घरेलू उत्पाद को बढ़ावा मिलेगा और उत्पादों को लोकल बाजार में जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को जीवन में उतरना होगा। हम सभी कोशिश करे की मोटे अनाज का सेवन करें।

इस अवसर पर भाजपा के संगठन मंत्री कर्मवीर, महापौर रोशनी खलको, उपमहापौर नीरज कुमार,महानगर अध्यक्ष वरुण साहू,पूर्व राज्य सभा सांसद अजय मारू भी मौजूद थे।

इस मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि 125 स्टॉल लोगों को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया था। जो पूर्णत स्वदेशी को समर्पित था। उन्होंने कहा झारखंड की संस्कृति,पहचान,विविधता,परंपरा,लोक कला साथ ही यहां के लोक नृत्य, संगीत को एक ही छत के नीचे कला संस्कृति के माध्यम से उनका संरक्षण और संवर्धन के लिए स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का वृहद अलौकिक,सुंदर कार्य सांसद सांस्कृतिक महोत्सव स्वदेशी मेला के माध्यम से किया गया है,जो हमारे स्वदेशी कला संस्कृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का एक सशक्त माध्यम भी है। तीन दिनों में हजारों लोगों ने सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेले का आनंद लिया। महिलाओं के जरिये निर्मित पापड़,खजला,बड़ी,मंगोड़ी,विभिन्न प्रकार के अचार,ब्लैक राइस,रेड राइस,एनर्जी चॉकलेट मडुवा के लड्डू,रागी की कुकीज,चॉकलेट सहित कई उत्पाद की लोगों ने खरीददारी की। इसी के साथ हर्बल मसाला,घरेलू दवा,मेटल की तस्वीर,जूट बैग,उन से बने हैंडमेड फ्लावर,लिपिन आर्ट,ब्लू कार्ड पेंटिंग की तस्वीर भी कम मूल्य पर मिल रही थी।

श्री अन्न आहार कुटीर में झारखंड के पारंपरिक मोटे अनाज से बने मड़वा समोसा,मड़वा चोप,निमकी,भुजिया चॉकलेट,बिस्किट जैसे खाद्य पदार्थ का लोगों ने खरीदारी कर खूब आनंद उठाया।

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत 70 से भी ज्यादा स्कूलों एवम महाविद्यालय के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति दी, जिसमें देश भक्ति, शिव तांडव, वंदे मातरम,छउ नृत्य,कथक एवं यहां के पारंपरिक लोक नृत्य के संग हजारों बच्चों एवं बच्चों ने सामूहिक रुप से अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों एवं बच्चियों सहित स्कूल व एकेडमी सहित संस्था को सांसद ने सर्टिफिकेट व मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

देशभर के ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गरबा नृत्य,डालखाई,झूमर,पाईका नृत्य,कथक नृत्य ने सांस्कृतिक महोत्सव की शोभा बढ़ाई। वहीं,जनजातीय नृत्य,सामूहिक नृत्य,लघु नाटिका, शास्त्रीय संगीत व नृत्य,असम का बिहू नाच गौरैया नाच सहित उलगुलान नाटक की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक महोत्सव में लोगों को आनंदित किया।

स्वदेशी मेला में लोगों ने सांस्कृतिक आयोजन के संग अन्न आहार कुटीर में झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का लुफ्त उठाया। साथ ही यहां से बने उत्पादों सहित मोटे अनाज रागी,ज्वार,बाजरा,मड़वा से बनी चीजो की खरीदारी की।

वहीं, रांची के इशांक ने मात्र सात वर्ष की आयु में श्रीलंका और भारत के बीच स्थित लगभग 29 किलोमीटर लंबे पाक जलडमरूमध्य को पार कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। समिति की ओर से इशांक को एक लाख एक रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे