झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच हुए एमओयू का लाभ हजारों स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेगा: मुख्यमंत्री

 






रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जो विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े कर्मियों के लिए लाभकारी साबित होगा। यह समझौता झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक समारोह के दौरान हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह समझौता राज्य सरकार और इंडियन बैंक के बीच एक नई कड़ी स्थापित करता है, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत हजारों कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे स्वास्थ्य कर्मियों के लिए एक उपयोगी और प्रेरणादायक पहल बताया, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में कई बार ऐसे कठिन समय आते हैं, जब व्यक्ति खुद को असहाय महसूस करता है, विशेषकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के दौरान। उन्होंने कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आपदा ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया और स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत को उजागर किया।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को कई बार जोखिम भरे वातावरण में काम करना पड़ता है, जहां संक्रमण का खतरा बना रहता है। ऐसे में उनके लिए बीमा और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है, ताकि वे निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस एमओयू के तहत मिलने वाले वेतन खाता और एचआरआईएस पैकेज से एनएचएम कर्मियों को आर्थिक सुरक्षा और सुविधा मिलेगी, जिससे वे और अधिक समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने इंडियन बैंक के अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साझेदारी न केवल स्वास्थ्य कर्मियों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि राज्य के समग्र विकास में भी सहायक साबित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल बैंकिंग के विस्तार के साथ भविष्य में श्रमिक वर्ग भी बैंकिंग सेवाओं से अधिक जुड़ सकेगा, जिससे उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और एनएचएम के सभी कर्मियों से अपील की कि वे इस विशेष पैकेज का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार और इंडियन बैंक के एमडी-सीईओ विनोद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे