ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, लोगों ने जाम किया सडक
बोकारो, 27 अगस्त (हि.स.)। पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के आईटीआई मोड़ से उकरीद मोड़ के बीच पिपराटांड़ के पास गुरुवार को एनएच पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम उर्फ चीकू के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, वह कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12 बजे से डेढ़ बजे तक एनएच को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर अवैध तरीके से कोयला लदे भारी वाहनों का परिचालन होता है। वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यहां लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने ऐसे वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि गलत दिशा से वाहनों की आवाजाही, सड़क पर अंधेरा और कट प्वाइंटों पर यातायात पुलिस और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव भी हादसों का कारण बन रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और भारी वाहनों की गति व परिचालन पर प्रभावी निगरानी की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार