रामगढ़ में विद्यार्थियों के लिए मोटिवेशनल कक्षा, अनुशासन और निरंतर अध्ययन पर जोर
रामगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ के राम प्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार को एक प्रेरणादायक मोटिवेशनल कक्षा का आयोजन किया गया। इस कक्षा में समाजसेवी पुलक बगड़िया ने छात्रों को पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
मोटिवेशनल सत्र के दौरान पुलक बगड़िया ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए पढ़ाई की मजबूत नींव बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को समय सारणी बनाकर नियमित अध्ययन करने और प्रतिदिन अधिक से अधिक समय सीखने में लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने चाहिए और उसी दिशा में लगातार मेहनत करनी चाहिए। सही दिशा में किया गया परिश्रम ही भविष्य को उज्ज्वल बनाता है।
उल्लेखनीय है कि पुलक बगड़िया वर्तमान में राजस्थान में मैकेनिकल ब्रांच से अध्ययनरत हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल, प्रधानाचार्य प्रवीण सहित कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश