सभी सदर अस्पतालों में बनेगा मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल : इरफान
रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्य की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक सी-विंग (मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) विकसित किए जाएंगे।
इसका उद्देश्य सुरक्षित मातृत्व, गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं और नवजात शिशुओं को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सरकारी अस्पतालों में बढ़ते जनविश्वास और मरीजों की संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पहले जहां लोग निजी अस्पतालों का रुख करते थे, वहीं अब सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। इसी विश्वास को और सशक्त बनाने के लिए सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में विशेषज्ञ स्त्री और प्रसूति रोग चिकित्सक, शिशु रोग विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्सें, आधुनिक लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) एवं अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व, प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद एक ही परिसर में समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
मंंत्री ने कहा कि परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि प्रत्येक जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार अस्पतालों की आधारभूत संरचना मजबूत करने, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति और गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक उपचार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था देश की सबसे भरोसेमंद व्यवस्थाओं में शामिल होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar