नगर भाजपा की मासिक बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा
देवघर, 07 जून (हि.स.)। भाजपा नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा की अध्यक्षता में नगर कमिटी की मासिक बैठक स्थानीय होटल के सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के शुद्धिकरण और सत्यापन के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) पर भी चर्चा हुई।
कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मृत, स्थानांतरित, पलायन कर चुके और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाने और नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए कार्य करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात, मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान, एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण अभियान और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
सोनाधारी झा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनसंपर्क बढ़ाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी की उपलब्धियों को पहुंचाना चाहिए। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में संजीव जजवाड़े, मुकेश पाठक, मनोज मिश्रा, धनंजय खवाड़े, मीणा झा, रिंकू सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy