झारखंड में 13 से 15 जून के बीच दस्तक देगा मानसून

 


रांची, 09 जून (हि.स.)। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने राज्य में मानसून के 13 से 15 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले कुछ दिनों में झारखंड में इसकी एंट्री हो जाएगी।

अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड के अलावा मध्यवर्ती अरब सागर के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष क्षेत्रों तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के अन्य भागों में भी आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग लगातार इसकी प्रगति पर नजर बनाए हुए है।

उधर, मानसून के आगमन से पहले राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण लोगों को दिनभर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक आर्द्रता के कारण शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी नहीं सूख पाता, उमस बढ़ जाती है तो वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस होती है। यही वजह है कि अपेक्षाकृत कम तापमान के बावजूद लोगों को काफी असहजता का अनुभव हो रहा है।

राज्य में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान के ये आंकड़े बताते हैं कि झारखंड के कई इलाके अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं।

राजधानी रांची की बात करें, तो यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री और न्यूनतम 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और उमस से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें, दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा धूप में निकलते समय आवश्यक सावधानियां बरतें। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak