होली और रामनवमी को लेकर गढ़वा के परेड ग्राउंड में मॉक ड्रिल का आयोजन

 




गढ़वा, 03 मार्च (हि.स.)। आगामी होली और रामनवमी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से मंगलवार को गढ़वा के पुलिस केंद्र स्थित परेड ग्राउंड में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

यह मॉक ड्रिल गढ़वा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार के आदेश पर आयोजित की गई। परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र संदीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में दंगाइयों को नियंत्रित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील हालात में त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य होली एवं रामनवमी के दौरान संभावित अफवाहों, अत्यधिक भीड़ और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर परिचारी प्रवर संदीप कुमार ने उपस्थित पुलिस बल को आगामी दोनों पर्वों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे