रांची में मोबाइल चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)। रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान पॉकेट से मोबाइल उड़ाने वाला गिरोह सक्रिय था। रामनवमी के दिन रांची के चुटिया इलाके से 12 से ज्यादा मोबाइल फोन गायब हो गए थे। मामले में रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल गायब करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी भागीरथ सिंह और उतराखंड निवासी सूरज सिंह शामिल है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि चुटिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत 27 मार्च को रामनवमी पर्व को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों से जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल लोगों में से कुछ लोगों के भीड़ में मोबाइल फोन गुम हो गए, जब इस संबंध में चुटिया थाना में शिकायत दर्ज की गई और जांच शुरू हुई तो जांच में पता चला कि पश्चिम बंगाल के चोरों के द्वारा तपोवन मंदिर में शामिल जुलूस और विभिन्न जुलूसों से मोबाइल फोन की चोरी की गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी एसपी ने बताया कि मोबाइल गायब होने के सबंध में जांच के क्रम में रांची रेलवे स्टेशन के आसपास सघन जांच और पूछताछ की गई थी। जांच के क्रम में तीन संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के क्रम में उनके द्वारा बताया गया कि पुरुलिया, पश्चिम बंगाल में रहते हैं और विभिन्न शहरों में जाकर भीड़ वाले इलाके में शामिल होकर मोबाइल फोन की चोरी करते हैं और पश्चिम बंगाल में जाकर चोरी के फोन बेच देते हैं। इस संबंध में चुटिया थाना मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से चोरी के 16 मोबाइल बरामद किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे