जन्मदिन पर विधायक ने की सारठ के सौंदर्यीकरण पर चर्चा
देवघर, 05 मई (हि.स.)। अपने जन्मदिन के अवसर पर सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने प्रखंड सभागार में बैठक कर सारठ बाजार के साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। बैठक में विधायक ने केक काटकर जन्मदिन मनाया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सारठ बाजार का सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में बाजार क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बाजार क्षेत्र में फैली गंदगी और बदबू पर चिंता जताते हुए कहा कि साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति बिगड़ी है। इसके समाधान के लिए अधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय लोगों से सुझाव लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
विधायक ने निर्देश दिया कि प्रखंड और अंचल कर्मी बाजार क्षेत्र का सीमांकन कर दुकानों की संख्या और स्थिति का आकलन करते हुए रिपोर्ट तैयार करें। इसके बाद पंचायत की देखरेख में एक समिति गठित कर दुकानदारों की आय के अनुसार न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया जाएगा, जिससे सफाई, कूड़ा वाहन और कूड़ेदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही ठेला-खोमचा और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो और बाजार साफ-सुथरा व व्यवस्थित दिखे। पानी निकासी की अव्यवस्था और इधर-उधर कचरा फैलाने पर भी रोक लगाने की बात कही गई।
बैठक में प्रखंड प्रमुख गौतम कुमार रवानी, बीडीओ चंदन कुमार सिंह, सीओ केसी सिंह मुंडा, बिस सूत्री अध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, उपप्रमुख प्रतिनिधि रिकू यादव, पंसस मिथलेश सिन्हा, मुखिया पति अनिल राव सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy