बड़गांव पहुंचे अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष, पीड़ित परिवार से मिलकर निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा

 


चतरा, 06 अगस्त (हि.स.)। टंडवा के बड़गांव में दुष्कर्म के आरोपित की कथित पिटाई के बाद हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान और उपाध्यक्ष वरनेश सुलेमान बड़गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि युवक की कथित पिटाई के बाद हुई मौत अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आयोग ने परिजनों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी जुटाई है।

प्रारंभिक सूचना के अनुसार घटना के समय पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मारपीट हुई थी। इस पहलू की भी जांच कराई जाएगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। हिदायतुल्ला खान ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर दो सब-इंस्पेक्टर और एक महिला सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे।

पूरे मामले से चतरा के पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके।

उन्होंने सभी समुदायों से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, कानून का पालन करने तथा गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी