नाबालिग को भगाने के आरोपित गिरफ्तार, पीड़िता बरामद
बोकारो, 15 जून (हि.स.)। चास थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 12 जून को एक व्यक्ति ने चास थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को देवानंद कुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर चास थाना में मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को आरोपित देवानंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित बिहार के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लच्छीखरेया गांव का निवासी है।
पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। उसके बयान दर्ज करने सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
इस कार्रवाई में चास थाना प्रभारी प्रकाश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन और थाना के सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार