रिम्स में जलजमाव पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, संवेदक पर कार्रवाई के निर्देश

 


रांची, 06 अगस्त (हि.स.)। रिम्स परिसर में बारिश के दौरान जलजमाव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने गुरुवार को पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए रिम्स के निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा और अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि राज्य के सबसे बड़े अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिम्स निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा ने मंत्री को बताया कि लगातार बारिश के बीच मरम्मत कार्य के दौरान कुछ समय के लिए जलजमाव की स्थिति बनी थी। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित संवेदक ने कार्य को स्वयं कराने के बजाय पेटी कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से कराया, जिससे कार्य की गुणवत्ता और निगरानी प्रभावित हुई।

इसपर स्वास्थ्य मंत्री ने भवन निर्माण विभाग के सचिव को संबंधित संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने तथा उसका डी-रजिस्ट्रेशन कराने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।

मंत्री ने रिम्स प्रशासन को निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि काम में कोताही या गुणवत्ता में कमी अब स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने आधे घंटे के भीतर जलनिकासी कर स्थिति सामान्य कर दी थी, और चिकित्सा सेवाएं बिना किसी बाधा के जारी रहीं। उन्होंने कहा कि रिम्स में जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है और मरीजों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar