कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर में 15 करोड़ की लागत से बने आधुनिक शीतगृह का किया उद्घाटन

 


- 100 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का शुभारंभ, किसान संगठनों को 1.04 करोड़ की परिसंपत्तियां वितरित

रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत बुढ़ाखुखरा में 15.01 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक शीतगृह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने 100 किलोवाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र का भी शुभारंभ किया। साथ ही सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को कृषि उत्पादों के परिवहन एवं विपणन के लिए एक करोड़ चार लाख 50 हजार रुपये की परिसंपत्तियां वितरित कीं।

लगभग दो एकड़ क्षेत्र में निर्मित इस शीतगृह में मल्टी-चेंबर व्यवस्था और फ्रेऑन गैस आधारित रेफ्रिजरेशन तकनीक का उपयोग किया गया है। फलों और हरी सब्जियों के भंडारण के लिए 125-125 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो अलग-अलग चैंबर बनाए गए हैं। शीतगृह के संचालन की जिम्मेदारी बेंगलुरु की मेसर्स रेडवुड होल्डिंग्स एंड रियल्टी सर्विसेज एलएलपी को सौंपी गई है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि इस शीतगृह के शुरू होने से किसानों को अपनी उपज लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। इससे फसल की बर्बादी कम होगी और किसानों को बाजार में उचित समय पर बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत, उपज और आय को सुरक्षित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्री ने बताया कि बुढ़ाखुखरा शीतगृह परियोजना वर्ष 2018 में शुरू हुई थी, लेकिन कोरोना महामारी सहित विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य अधूरा रह गया था। वर्ष 2022 में विधायक बनने के बाद उन्होंने परियोजना की स्थिति का जायजा लिया और इसे दोबारा शुरू कराने के लिए प्रयास किए। वर्ष 2024 में कृषि मंत्री का पदभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले इस परियोजना की फाइल मंगवाई और लंबित कार्यों को पूरा कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कराई। इसके बाद परियोजना को पूरा किया जा सका।

कार्यक्रम के दौरान सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों को कृषि उत्पादों की ढुलाई एवं बिक्री की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नौ पिकअप वाहन, दो मिनी ट्रक और दो मोबाइल वेंडिंग कार्ट वितरित किए गए। कृषि मंत्री ने टांगरबसली बाजार शेड का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय प्रतिनिधि, किसान संगठनों के सदस्य और अन्य लोग उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar