क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी मंत्री शिल्पी
रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की 27 अगस्त 2026 को बेंगलुरु स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।
विश्वविद्यालय के एल्यूमिनी रिलेशन्स सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम का विषय फ्रॉम एजुकेशन टू इंपैक्ट : यूथ लीडरशीप, इंटरप्रीन्यो रशीप एंड इंक्लूआसीव ग्रोथ रखा गया है।
यह जानकारी क्राइस्ट यूनिवर्सिटी की ओर से बुधवार को जारी पोस्टर के माध्यम से दी गई। बताया गया कि कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, कृषि, नवाचार, युवा नेतृत्व और समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चा होगी। इसमें विद्यार्थियों को वर्तमान समय में शिक्षा और कौशल के साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया जाएगा। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की विद्यार्थियों को युवाओं की भूमिका, उद्यमिता के बढ़ते अवसरों, कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में संभावनाओं तथा सार्वजनिक जीवन में युवा नेतृत्व की भूमिका पर अपने विचार रखेंगी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े उभरते अवसरों, नवाचार और युवाओं के लिए उद्यमिता की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar