मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने नेमरा पहुंचकर रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि

 


रांची, 08 अक्टूबर (हि.स.)।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने गुरुवार को नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता और दिवंगत रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन त्याग और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल रहा है। उन्होंने गुरुजी शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन में सदैव एक मजबूत सहयात्री के रूप में उनका साथ निभाया। जीवन के सुख-दुःख की हर परिस्थिति में वह मजबूती से उनके साथ खड़ी रहीं। साथ ही, परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन महिला सशक्तिकरण की सच्ची और प्रेरणादायी मिसाल है। अपने त्याग, संघर्ष और ममत्व से उन्होंने न केवल परिवार को मजबूती प्रदान की, बल्कि समाज के सामने भी एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

मंत्री ने कहा कि त्याग, ममता और समर्पण की प्रतिमूर्ति रूपी सोरेन का निधन परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से उत्पन्न शून्य की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित समस्त शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar