दिल में छेद वाले 20 बच्चों को मंत्री ने इलाज के लिए हटिया से किया रवाना
रांची, 24 अगस्त (हि.स.)।
राज्य सरकार की पहल से जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे गरीब परिवारों के बच्चों के लिए इलाज की नई उम्मीद जगी है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोमवार को दिल में छेद वाले 20 बच्चों को निःशुल्क हृदय ऑपरेशन एवं समुचित उपचार के लिए सोमवार को हटिया रेलवे स्टेशन से कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल के लिए रवाना किया।
बच्चों के रवाना होने के दौरान कई परिजन भावुक नजर आए और उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
परिजनों ने कहा कि निजी अस्पतालों में हृदय ऑपरेशन पर चार से पांच लाख रुपये तक का खर्च आता है, जिसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए जुटाना संभव नहीं था। सरकार की पहल से बच्चों के इलाज के साथ कोच्चि आने-जाने, जांच, ऑपरेशन, दवा, रहने और भोजन तक की व्यवस्था निःशुल्क की जा रही है।
मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी गरीब बच्चे को इलाज से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। अमृता अस्पताल के सहयोग से करीब 100 बच्चों को उपचार के लिए भेजने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम चरण में 20 बच्चों को रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग के प्रयास से इससे पहले भी 75 बच्चों का निःशुल्क सफल हृदय ऑपरेशन कराया जा चुका है।
मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि उनके क्षेत्र में यदि कोई ऐसा बच्चा है, जिसके दिल में जन्मजात छेद है और आर्थिक अभाव के कारण इलाज नहीं हो पा रहा है, तो उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएं। सरकार पात्र बच्चों के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था करेगी।
मौके पर एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया आरबीएसके (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की टीम के सहयोग से की जा रही है। बच्चों की पहचान से लेकर जांच, उपचार, ऑपरेशन, फॉलो-अप और घर वापसी तक समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। रेलवे विभाग ने भी बच्चों की यात्रा को सुगम बनाने में सहयोग किया और स्वास्थ्य विभाग की इस मानवीय पहल की सराहना की।
बच्चों को रांची रेलवे स्टेशन से रवाना करने के दौरान एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar