रथयात्रा में शामिल हुए मंत्री इरफान अंसारी

 


रांची, 16 जुलाई (हि.स.)।

ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर धुर्वा परिसर में गुरुवार को आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी शामिल हुए। इस दौरान मंत्री ने भगवान श्री जगन्नाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से झारखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और भाईचारे का वातावरण बना रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जय जगन्नाथ का उद्घोष किया। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर राज्यवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

डॉ अंसारी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा सामाजिक समरसता, आस्था और लोककल्याण का महापर्व है।

उन्होंने कहा कि वेदों में वर्णित लोकसंग्रह एव धर्म का संदेश रथयात्रा के माध्यम से साकार होता है, क्योंकि इस अवसर पर प्रभु स्वयं अपने भक्तों के बीच आकर सभी पर कृपा बरसाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar