साल 2029 तक झारखंड को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य : इरफान
रांची, 11 जून (हि.स.)।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार ने वर्ष 2029 तक राज्य को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। गुरुवार को रांची के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित राज्य स्तरीय नेशनल टास्क फोर्स (एनटीएफ) सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार, पौष्टिक आहार और जन-जागरूकता के माध्यम से टीबी का पूरी तरह उन्मूलन संभव है। टीबी उन्मूलन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मरीजों की पहचान, उपचार और पोषण सहायता को मजबूत करने के लिए निक्षय मित्र अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 9,945 निक्षय मित्रों का चयन किया जा चुका है, जिन्हें टीबी मरीजों की सहायता और जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि सरकार टीबी मरीजों को डीबीटी के माध्यम से प्रतिमाह एक हजार रुपये की पोषण सहायता भी उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मेडिकल कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों की विशेषज्ञता का उपयोग टीबी की रोकथाम, निदान, उपचार और अनुसंधान को मजबूत करने में किया जा रहा है।
सेमिनार में एनएचएम के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, डॉ वीणा धवन, डॉ रघुराम राव, डॉ संजय कुमार मंटू सहित देशभर के चिकित्सा विशेषज्ञ और स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar