नन्ही उम्र में समुद्र की लहरों पर तैरने वाला इशांक राष्ट्र का गौरव : सेठ

 


रांची, 27 मई (हि.स.)। समुद्री तैराकी के क्षेत्र में मात्र 7 वर्ष की आयु में 9 घंटे 50 मिनट में 29 किलोमीटर की ऐतिहासिक तैराकी कर नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले रांची के नन्हें तैराक इशांक सिंह ने न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। बुधवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इशांक को इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड की ओर से प्रदान किये गये ओपेन वाटर स्विमिंग 2026 प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया।

इस अवसर कर सेठ ने कहा कि यह उपलब्धि अत्यंत गौरवपूर्ण है, क्योंकि इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड देश की प्रतिष्ठित संस्था है, जो असाधारण प्रतिभाओं एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान करती है। रांची के इस होनहार बेटे का नाम इस प्रतिष्ठित रिकॉर्ड बुक में दर्ज होना पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि समुद्र की ऊंची लहरों को चीरते हुए इतनी कम उम्र में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करना इशांक की कठिन मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। कार्यक्रम के दौरान इशांक ने पत्रकारों से कहा कि उसका लक्ष्य अगले ओलंपिक में सबसे कम उम्र का तैराक बनकर भारत के लिए पदक जीतना है। उसका यह संकल्प खेल के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और अद्भुत आत्मविश्वास को दर्शाता है।

सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिया गया “खेलिए, खिलिए और खिलखिलाते रहिए” का प्रेरणादायी मंत्र आज देश के बच्चों और युवाओं मंस नई ऊर्जा का संचार कर रहा है। इशांक जैसी प्रतिभाएं इसी सकारात्मक सोच और प्रोत्साहन का जीवंत उदाहरण हैं, जो असंभव को संभव करने का जज्बा रखती हैं।

यह सम्मान केवल इशांक सिंह का नहीं, बल्कि उन सभी बच्चों के सपनों, संघर्ष और परिश्रम का सम्मान है, जो किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने इशांक और उसके परिवार को भरोसा दिलाया है कि ओलंपिक तक की उसकी यात्रा में हरसंभव सहयोग और समर्थन दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे