मंत्री ने मांडर,बेड़ो और लापुंग में कई विकास कार्यों का किया शिलान्यास

 


रांची, 25 अप्रैल (हि.स.)। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर विधानसभा क्षेत्र के लापुंग और बेड़ो प्रखंड में शनिवार को विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री ने कहा कि मांडर क्षेत्र से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और वे यहां के ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसे लेकर यह शिलान्यास किया गया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ-साथ ग्रामीणों की जागरूकता और सहभागिता भी आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम के तहत लापुंग प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, ग्राम खटंगा में अखड़ा एवं चबूतरा निर्माण, ग्राम ककरिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा ग्राम दरन्दा के प्राथमिक विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा बेड़ो प्रखंड के ग्राम कुदारखो में भी चबूतरा निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष जयंत बारला, करमा उरांव, मोदशीर हक, बेरोनिका उरांव, सुदामा महली, संतोष तिर्की, विश्वनाथ मुंडा सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar