मंत्री ने किया सौर ऊर्जा चालित सिंचाई योजना का शिलान्यास

 


जामताडा, 07 मई (हि.स.)। मंत्री इरफान अंसारी ने गुरूवार को जामताडा स्थित ग्राम सिलदाहा, रानीडीह के बहुप्रतीक्षित रजेया नदी पर गुरूवार को मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा चालित उद्धह सिंचाई योजना का शिलान्याकस किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रजेया नदी पर शुरू हुई इस लिफ्ट इरिगेशन योजना का सीधा लाभ यहां के आदिवासी किसान परिवारों को मिलेगा। यह योजना क्षेत्रवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से सिंचाई की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी। सौर ऊर्जा आधारित इस योजना के माध्यम से रजेया नदी से पानी को लिफ्ट कर सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सैकड़ों एकड़ भूमि सिंचित हो सकेगी। किसानों को सालभर खेती करने का अवसर मिलेगा।

इस योजना के शुरू होने से किसानों की खेती पर निर्भरता मजबूत होगी, फसल उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम होगी और धान, सब्जी एवं अन्य फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी। साथ ही सौर ऊर्जा आधारित होने के कारण किसानों को बिजली खर्च की चिंता भी नहीं करनी पड़ेगी।

मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान यहां के किसानों, मुखिया एवं ग्रामीणों ने उनसे सिंचाई की गंभीर समस्या को लेकर मांग रखी थी। रजेया नदी गांव से नीचे होने के कारण पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाता था, जिससे किसान खेती नहीं कर पाते थे। उसी समय उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया था कि जल्द ही यहां लिफ्ट इरिगेशन योजना दी जाएगी। ताकि नदी का पानी खेतों तक पहुंच सके। आज अपने किए वादे को पूरा किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar