मंत्री ने किया एचआईवी जागरूकता अभियान का शुभारंभ
रांची, 12 अगस्त (हि.स.)। मंत्री इरफान अंसारी ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को सदर अस्पताल, रांची स्थित ब्लड बैंक परिसर में इनटेंसिफाईड एचआईवी कैंपेन 2026 और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
मौके पर उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को एचआईवी-एड्स के दुष्प्रभाव, बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया गया है, जो एक माह तक चलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में एचआईवी संक्रमण में कमी आई है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
मंत्री ने सरायकेला और साहिबगंज में एचआईवी रोकथाम के क्षेत्र में हुए कार्यों की सराहना करते हुए अपेक्षाकृत अधिक संक्रमण वाले नौ जिलों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर परिणाम मिलने पर मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। परियोजना निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि युवाओं में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए जागरूकता जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नए संक्रमण के करीब 19 प्रतिशत मामले 13 से 24 वर्ष आयु वर्ग में सामने आते हैं।
मंत्री ने रक्त की त्वरित उपलब्धता के लिए कॉल पर करीब 15 मिनट में रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने की बात कही। कार्यक्रम में जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों और एएनएम छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar