श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, मंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

 


देवघर, 03 मई (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेला को लेकर तैयारियां अब तेज हाे गई हैं। इसी क्रम में रविवार को झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने देवघर परिसदन में देवघर और दुमका के वरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करना रहा। मंत्री ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला झारखंड की पहचान है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि मेला भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 31 जुलाई से श्रावणी मेला का शुभारंभ प्रस्तावित है और इसकी तैयारी को लेकर तीन माह पूर्व ही समीक्षा शुरू कर दी गई है। पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें। ओवरब्रिज निर्माण को लेकर मंत्री ने कहा कि डीपीआर की प्रक्रिया जारी है और डिजाइन पर काम चल रहा है। यह लंबी प्रक्रिया है, लेकिन प्रयास है कि इसे जल्द पूरा किया जाए।

बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त संजय सिंह, देवघर उपायुक्त शशि शेखर सिंह, दुमका उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, देवघर महापौर रवि राउत, उपमहापौर टिप चैटर्जी सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और आवास व्यवस्था जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy