मंत्री ने 1.81 करोड़ से बननेवाले पुल निर्माण का किया शिलान्यास

 


रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। मधुपुर विधानसभा के मारगोमुंडा प्रखंड अंतर्गत बलवा और पहरुडीह के बीच नदी पर लगभग 1.81 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का ऑनलाइन शिलान्यास झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने असम से किया। पुल निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।

कार्यक्रम में मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी, 20 सूत्री अध्यक्ष सोहन मुर्मू, झामुमो नेता डुगू टुडू, जिला सचिव दिनेश्वर किस्कू, मुखिया अनिता सोरेन व सुधीर मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मंत्री ने कहा कि पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और किसानों सहित स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के विकास और ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy