मंत्री ने मुड़मा जतरा में सुरक्षा-सुविधाओं पर प्रशासन को दिए निर्देश

 


रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने 40 पड़हा मुड़मा जतरा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को समीक्षात्मक बैठक कर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने जतरा को लेकर होने वाली खर्च को देखते हुए इसके बजट बढ़ाने के लिए वास्तविक खर्च और अतिरिक्त जरूरतों का विवरण प्रस्तुत करने की बातें कही।

मंत्री ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र के तीनों राजकीय जतरा के वार्षिक बजट में वृद्धि के लिए वह जतरा समितियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रस्ताव रखेंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत 70 लाख रुपये से अधिक हुए खर्च की जिम्मेदारी समिति को अपने स्तर पर देखनी होगी।

मंत्री ने कहा कि मुड़मा जतरा झारखंड की आदिवासी परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, बिजली, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुरक्षा तैयारियों में लापरवाही नहीं बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया।

शाम से सुबह तक चलने वाले कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी, बीडीओ, सीओ तथा पेयजल, बिजली एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar