पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को दीपिका पांडेय सिंह ने दी श्रद्धांजलि
रांची, 14 जुलाई (हि.स.)।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पूर्व मंत्री सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मंगलवार को मंवह रांची स्थित पल्स हॉस्पिटल पहुंचीं, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
मंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक केवल वरिष्ठ राजनेता नहीं, बल्कि कांग्रेस परिवार के अभिभावक, मार्गदर्शक और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। श्रमिकों, गरीबों और समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों के लिए उनका आजीवन संघर्ष तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक ने हमेशा सही दिशा दिखाई और उनका निधन पूरे झारखंड के साथ-साथ उनके परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति है। इसके बाद मंत्री झारखंड विधानसभा परिसर पहुंचीं और पूर्व मंत्री को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी दीपिका पांडेय सिंह ने भाग लिया, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मन्नान मल्लिक के लंबे सार्वजनिक जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और कांग्रेस को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar