मंत्री दीपिका ने किया सावन महोत्सव मेले का शुभारंभ
रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। अग्रवाल सभा रांची की महिला समिति शाखा के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित 27 वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव मेले का उद्घाटन मंत्री दीपिका पांडे सिंह और अग्रवाल सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन गाड़ोदिया ने किया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सावन मेला केवल खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं की अद्वितीय प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीक है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने हुनर और उद्यमिता को पहचान दिलाने के साथ सामाजिक सहभागिता का भी बेहतर मंच प्रदान करते हैं। महिलाओं के उद्यमी बनने से समाज, परिवार और राष्ट्रा और भी सशक्त होगा।
मौके पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मंत्री निर्मल बुधिया ने सभा की सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज चौधरी और मंत्री निर्मल बुधिया ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
वहीं महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल ने मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जबकि मेला संयोजिका अनुसूया नेवटिया ने बताया कि मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। दूसरे दिन सावन सिंघारा कार्यक्रम आयोजित होगा और समापन समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्टॉल को सम्मानित किया जाएगा।
इधर, मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों ने स्टॉलों पर खरीदारी की और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
इस मौके पर अग्रवाल सभा और महिला समिति की पदाधिकारी, सदस्य और शहर की कई अन्यं महिलाएं मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar