मंत्री के आश्वासन पर 108 एंबुलेंस कर्मियों ने वापस ली हड़ताल
रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा के सुचारू संचालन को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी की अध्यक्षता में बुधवार को अहम बैठक हुई। बैठक में 108 एंबुलेंस कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल और सेवा का संचालन करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों के बीच कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई।
मंत्री और अपर मुख्य सचिव के आश्वासन के बाद कर्मियों ने प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। मौके पर कर्मियों ने संचालन एजेंसी पर पूर्व में किए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करने, समय पर वेतन भुगतान न करने सहित अन्य शिकायतें की। कर्मियों का कहना था कि आश्वासन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
वहीं संचालन एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कहा कि कुछ ड्राइवर और अन्य कर्मियों की कार्य में रुचि नहीं होने के कारण उनका स्थानांतरण किया गया। एजेंसी ने वेतन का भुगतान नहीं होने या कम भुगतान किए जाने के आरोपों को गलत बताते हुए नियमानुसार वेतन और सुविधाएं दिए जाने की बात कही। बैठक में स्थानांतरण, वेतन भुगतान और अन्य सुविधाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री डॉ इरफान अंसारी और अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मामलों की जांच कराने का आश्वासन दिया। विशेष रूप से स्थानांतरित कर्मियों के मामलों की जांच का भरोसा दिलाया गया। आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली। इससे राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा के सुचारू संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, डीआईसी डॉ सिद्धार्थ सान्याल सहित 108 एंबुलेंस कर्मी और संचालन एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar