माइक्रो फाइनेंस कंपनी से कथित ठगी मामले में एक गिरफ्तार
दुमका, 20 सितंबर (हि.स.)। लोन, सिलाई मशीन और फ्रिज देने के नाम पर महिलाओं से कथित ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार श्वेता कुमारी ने थाना में आवेदन देकर माइक्रो फाइनेंस कंपनी पर महिलाओं से रुपये लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था।
आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने लोन, सिलाई मशीन और फ्रिज देने का प्रलोभन देकर महिलाओं से रुपये जमा कराए गए, लेकिन बाद में न तो लोन दिया गया और न ही सामान उपलब्ध कराया गया। पीड़िता ने अपने आवेदन में करीब 150 महिलाओं से ठगी किए जाने का आरोप लगाया है।
आवेदन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी से जुड़े आलोक कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं हंसडीहा और सरैयाहाट स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंची थीं और जमा राशि वापस करने की मांग की थी। महिलाओं का आरोप था कि विभिन्न योजनाओं के नाम पर उनसे रुपये जमा कराए गए, लेकिन निर्धारित लाभ नहीं दिया गया। इस दौरान हंसडीहा कार्यालय में मौजूद आलोक कुमार सिंह को महिलाओं ने पकड़ लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही मामले में अन्य लोगों की भूमिका और प्राप्त शिकायतों की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार